फोटो :: सोनीपत की न्यू कॉलोनी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यशाला में भाग लेते बच्चे। स्रोत संस्था
सोनीपत। नटराज थियेट्रिकल ग्रुप की ओर से न्यू कॉलोनी में सांस्कृतिक कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों और प्रशिक्षुओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए संगीत और नृत्य की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता से भरा रहा।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने गायन, वादन और नृत्य में अपनी कला को निखारने का प्रयास किया। हारमोनियम, ढोलक और बांसुरी जैसे वाद्ययंत्रों पर अभ्यास कर उन्होंने सुर साधने की बारीकियां सीखीं। वहीं पंजाबी और हरियाणवी गीतों पर बच्चों ने जमकर प्रस्तुति दी और अपनी कला से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित योगेश, अनिल और अशोक कुमार वर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संगीत और नृत्य न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं बल्कि ये जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से व्यक्ति अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से व्यक्त कर सकता है और मानसिक विकास भी होता है।
नटराज थियेट्रिकल ग्रुप के अध्यक्ष सत्यवान सरोहा ने कहा कि संगीत और नृत्य जीवन की नकारात्मकता को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा प्रदान करते हैं।