संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने का अवसर देने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जल्द बैठक की जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य में उनका सहयोग लिया जा सके। इसके अलावा बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देने, गणना प्रपत्रों की छपाई और अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त नेहा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें एसआईआर अभियान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। उपायुक्त ने निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि वे बीएलओ और सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करें।
प्रशिक्षण के दौरान उन्हें गणना प्रपत्र वितरण और मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के अवसर से वंचित न रहे। निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा। इससे पहले ट्रेनिंग से लेकर अन्य की तैयारी प्रशासन ने पूरी कर ली है। प्रशासन ने संबंधित को निर्देश दिए हैं।