सोनीपत। सेक्टर-14 में निर्माणाधीन भवन में लिपाई (पलस्तर) के दौरान पैड टूटने से तीसरी मंजिल से गिरकर मिस्त्री की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायल श्रमिक की शिकायत पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने भवन मालिक और ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिहार के जिला अररिया के गांव ठिला मोहन फिलहाल जटवाड़ा निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह सेक्टर-14 में निर्माण कार्य कर रहे थे। उनके साथ झारखंड के हजारीबाग के गांव कटकमसांडी के रहने वाले मोहम्मद आसिफ अंसारी (27) व उनके मामा मुस्ताक मिस्त्री का काम कर रहे थे। तीनों लकड़ी का पैड बना कर तीसरी मंजिल पर लिपाई कर रहे थे। करीब चार बजे लकड़ी का पैड टूट गया। इसके चलते तीनों नीचे गिर गए। चोट लगने से मोहम्मद आसिफ अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके मामा मुस्ताक और श्रमिक जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार शाहदाब और मालिक मिलाप चंद ने निर्माण के दौरान सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए थे। पैड बनाने के लिए लकड़ी का प्रयोग कर रहे थे। लकड़ी कमजोर होने की वजह से टूट गई।
वर्जन
सेक्टर-14 में निर्माणाधीन भवन में तीसरी मंजिल से गिरकर मिस्त्री की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मामले में लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दिलबाग सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर-27 सोनीपत