मेयर निखिल मदान की जीत के बाद खुशी मनाती परिवार की महिलाएं
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। निगम के पहले कांग्रेस मेयर निखिल मदान की जीत पर बुधवार को बीट्स कॉलेज मोहाना से लेकर सोनीपत शहर तक जुलूस निकाला गया। इससे पहले जीत के बाद मेयर निखिल मदान बीट्स कॉलेज के गेट पर पहुंचे, जहां राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने निखिल मदान को गले लगाकर बधाई दी। जुलूस के दौरान राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, विधायक सुरेंद्र पंवार व नवनिर्वाचित मेयर निखिल मदान का स्वागत किया गया। इसके साथ ही रास्तों में कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर जश्न मनाया। सभी ने डीजे व ढोल की थाप पर नाचते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। जीत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और जश्न का माहौल रहा। जीत के उपरांत मेयर निखिल मदान अपने घर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। लोगों ने उन्हें मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
--
वार्डों में पार्षदों की जीत पर जुलूस निकाले
निगम के सभी 20 वार्डों में पार्षदों की जीत पर जुलूस निकाला गया। इस दौरान वार्डों की जनता ने नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया। पार्षदों की जीत के बाद उनके घर व चुनाव कार्यालयों पर बधाई देने वालों का तांता लगना शुरू हो गया था। सभी ने लड्डू बांटकर खुशियां मनाई।
--
मतगणना केंद्र पर रहे सुरक्षा के कड़े प्रबंध
बिट्स कॉलेज में बनाए गए मतगणना केंद्र पर बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना पूरी की गई। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। केंद्र में अंदर जाने के लिए एजेंट से लेकर मतगणना ड्यूटी में लगे कर्मियों को अंदर जाने से पहले कड़ी जांच से गुजरना पड़ा। पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात थे। हर एजेंट व अन्य समर्थकों को चेकिंग के बाद ही अंदर जाने दिया गया। वहीं मोबाइल व अन्य सामान अंदर ले जाने पर पाबंदी के चलते भी एजेंट व अन्य को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।