गोहाना। भगत फूल सिंह (बीपीएस) महिला मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्राएं बॉन्ड पॉलिसी के विरोध में बुधवार को सरकार के नाम खून से पत्र लिखेंगी। साथ ही शाम को गोहाना शहर में जाकर कैंडल मार्च निकालेंगी। छात्राओं का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा कर लिखित में नहीं देती, तब तक उनकी हड़ताल इसी प्रकार जारी रहेगी।
बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्राएं बॉन्ड पॉलिसी को वापस लेने की मांग को लेकर 4 नवंबर से हड़ताल पर बैठी हैं। छात्राओं की तरफ से 4 नवंबर से कक्षाओं का बहिष्कार किया हुआ है और मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़ताल कर रही है। इतना ही नहीं छात्राओं ने परीक्षाओं का भी बहिष्कार कर रखा है। लंबे समय से धरने पर बैठी छात्राओं में सरकार के खिलाफ रोष बना हुआ है।
महिला मेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने एक मत में होकर कहा है कि सरकार एमबीबीएस के विद्यार्थियों को हड़ताल खत्म करने के लिए मौखिक तौर पर संशोधन कर रही है। अभी तक लिखित में कोई संशोधन नहीं किया गया है। जब तक सरकार बॉन्ड पॉलिसी में उनके हिसाब से संशोधन नहीं करती है और लिखित में नहीं देती है। एमबीबीएस के विद्याथिर्यों की हड़ताल जारी रहेगी। छात्राएं मेडिकल कॉलेज में 4 नवंबर से हड़ताल पर बैठ अपना विरोध दर्ज करवा रही हैं। छात्राओं की हड़ताल से यहां आने वाले मरीजों के इलाज पर कोई प्रभाव नहीं है। मेडिकल कॉलेज में आने वाले वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
- डॉ. राजीव महेंद्रू, मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां