पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आईएमटी, खरखौदा को लेकर बैठक करते एचएसआईआईडीसी के अधिकारी व इंडस्ट्र?
- फोटो : Sonipat
आईएमटी को विकसित करने के लिए पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आईएमटी खरखौदा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सदस्यों व प्लॉटधारकों की बैठक हुई। एसोसिएशन के प्रधान राजीव दहिया का कहना है कि आईएमटी की 900 एकड़ जमीन पर मारुति सुजुकी अपना प्लांट लगाना चाहती है, जिनके लिए प्रस्तावित जमीन के एक हिस्से पर पहले से अलाट किए जा चुके 15 प्लॉटधारकों को दूसरी जगह शिफ्ट करने पर सहमति बन गई है। अब जल्द ही आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी का प्लांट लगने की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
900 एकड़ में स्थापित होने वाले मारुति सुजुकी के प्लांट को आईएमटी में जिस जगह पर स्थापित किया जाना है, उसके कुछ हिस्से पर एचएसआईआईडीसी द्वारा पहले से ही एक-एक एकड़ के 15 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। ऐसे में इन प्लॉटधारकों के साथ पहले भी बैठक कर दूसरी जगह जमीन देने के लिए अधिकारियों ने मनाने की कोशिश की थी, लेकिन उस दौरान बात सिरे नहीं चढ़ पाई थी। रेस्ट हाउस में एचएसआईआईडीसी के प्रमुख अभियंता सुनील शर्मा के नेतृत्व में हुई बैठक में उक्त प्लॉटधारकों को दूसरी जगह पर प्लॉट देने की सहमति बन गई है। इसके अलावा बैठक में कई मुद्दों पर चर्चाएं हुईं, जिसमें बिजली सब स्टेशन जल्द विकसित करने की मांग की गई है, ताकि प्लॉटधारकों को बिजली आपूर्ति मुहैया हो सके। प्लॉटधारकों ने आईएमटी के प्लॉटों पर लोन नहीं मिलने की समस्या को रखा। उन्होंने बताया कि एचएसआईआईडीसी के पोर्टल पर आईएमटी खरखौदा का ऑप्शन नहीं है। ऐसे में प्लॉटधारकों को बिल्डिंग निर्माण को लेकर बैंक से ऋण लेने में परेशानी हो रही है। इस पर एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों ने प्लॉटधारकों की मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है।