- कांच और मेटल की चूड़ियों के साथ सिल्क साड़ी, नायरा सूट व शरारा युवतियों की पसंद
- बाजार में 50 से 1200 रुपये तक के चूड़ा सेट उपलब्ध
फोटो 32: सोनीपत के कच्चे क्वार्टर बाजार में दुकान पर चूड़ियाें की खरीदारी करती महिलाएं। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। करवाचौथ पर्व नजदीक आते ही सोनीपत के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पर्व की तैयारियों में जुटी महिलाएं नए परिधान, चूड़ियां, कड़े और शृंगार का सामान खरीदने के लिए बाजार पहुंच रही हैं। कच्चे क्वार्टर मार्केट, गुड़ मंडी, बड़ा बाजार और गोहाना रोड की दुकानों पर सुबह से शाम तक खरीदारी का सिलसिला चल रहा है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने भी विभिन्न डिजाइन और रंगों के परिधानों व शृंगार सामग्री से दुकानें सजा रखी हैं।
इस बार कांच और मेटल की फैंसी चूड़ियों के साथ राजस्थानी चूड़ा, लाख के कड़े और जरकन जड़े कंगन महिलाओं को पसंद आ रहे हैं। वहीं, सिल्क व जयपुरी साड़ियों, कढ़ाई वाले अनस्टिच सूट और रेडीमेड ड्रेस की मांग भी बढ़ी है। पारंपरिक परिधानों के साथ आधुनिक डिजाइन की ड्रेस भी बाजार में खूब पसंद की जा रही हैं।
चूड़ा सेट से लेकर जरकन के कड़ों तक की मांग
दुकानदार सुनील और नरेश के अनुसार, इस बार राजस्थानी चूड़ा, कांच की चूड़ियां, मेटल के फैंसी सेट और लकड़ी के चूड़ा-कड़ा सेट की मांग अधिक है। महिलाएं सूट और साड़ी के रंग से मेल खाते कंगन, बिंदी और लिपस्टिक भी खरीद रही हैं। राजस्थानी चूड़ा सेट 150 से 1200 रुपये और कांच की चूड़ियों की डिब्बी 50 से 300 रुपये तक उपलब्ध है। इसके अलावा झुमके और जरकन, मोती व कुंदन के आभूषण सेट भी पसंद किए जा रहे हैं। इनकी कीमत 250 से 1800 रुपये तक है।
अनस्टिच सूट और जयपुरी साड़ियों के कई विकल्प
दुकानदार प्रमोद और अशोक ने बताया कि महिलाएं स्कर्ट सूट, नायरा सूट, सिल्क व कॉटन सूट के साथ हथकरघा कढ़ाई वाले अनस्टिच सूट खरीद रही हैं। दुकानों पर 700 से 5500 रुपये तक के अनस्टिच सूट और 1200 से 8500 रुपये तक की सिल्क व जयपुरी साड़ियां उपलब्ध हैं। पर्व के लिए महिलाएं अपने पसंदीदा डिजाइन और रंग को प्राथमिकता दे रही हैं।
ऑनलाइन डिजाइन दिखाकर दुकानों पर पहुंच रहीं महिलाएं
दुकानदार अमित और गौतम के अनुसार, कई महिलाएं मोबाइल फोन पर ऑनलाइन उपलब्ध परिधानों के डिजाइन दिखाकर उसी तरह के कपड़ों की मांग कर रही हैं। हालांकि, कुछ डिजाइन स्थानीय बाजार में उपलब्ध नहीं होने से ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि ऑनलाइन पसंद किए गए हर डिजाइन को बाजार में उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पा रहा है।
युवतियों को पसंद आ रहे आधुनिक परिधान
करवाचौथ के लिए नई ड्रेस खरीदने में युवा पीढ़ी भी पीछे नहीं है। वन पीस विद दुपट्टा, पैंट सूट, अम्ब्रेला प्लाजो, नायरा कट, शरारा और लहंगा-चोली की मांग बढ़ी है। दुकानदारों के अनुसार, डिजाइन के आधार पर वन पीस विद दुपट्टा 1000 से 4800 रुपये, पैंट सूट 900 से 3500 रुपये, अम्ब्रेला प्लाजो 1000 से 2500 रुपये, नायरा कट 1400 से 3500 रुपये और शरारा ड्रेस 1500 से 7000 रुपये तक उपलब्ध है। लहंगा-चोली की कीमत 2000 रुपये से शुरू होती है। पर्व को खास बनाने के लिए महिलाएं पारंपरिक शृंगार के साथ नए फैशन के परिधानों को भी तरजीह दे रही हैं।