-छात्र की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या करने के चार आरोपी पुलिस ने किए गिरफ्तार
सोनीपत। छात्रा की इंस्टाग्राम आईडी मांगने के विवाद में एसएससी की तैयारी कर रहे रोहतक के गांव रिठाल निवासी छात्र मंदीप (18) की पीट-पीटकर और चाकू मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में सलीमरपुर माजरा निवासी मोनू उर्फ केरा और देव, तिहाड़ खुर्द निवासी सागर उर्फ गोगी व सिसाना निवासी अंकुश को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर बीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया है कि एक छात्रा की इंस्टाग्राम आईडी मांगने के कारण दो गुटों में विवाद हुआ था। हमले में मारा गया मंदीप आईडी मांगने वाले पक्ष की तरफ से आया था। झगड़े में चाकू लगने से उसकी मौत हो गई।
एक बार हो गया था समझौता
पता चला है कि झगड़े की शुरुआत सुभाष चौक के पास हुई थी। बाद में दोनों गुटों में समझौता भी हो गया था लेकिन जैसे ही छात्र अकेला मिला दूसरे पक्ष ने उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश करेगी। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पुलिस टीमें तलाश कर रही है।
बहन के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था मंदीप
रोहतक के गांव रिठाल निवासी सत्यनारायण का बेटा मंदीप सोनीपत के गांव शहजादपुर में अपनी बहन के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह सोनीपत की गैलेक्सी कोचिंग सेंटर से कोचिंग ले रहा था। शनिवार दोपहर को वह सारंग रोड पर स्थित संत शिरोमणि नामदेव पार्क के सामने सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान मौका पाकर हमलावरों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। उस पर डंडे और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
वर्जन-
-मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच सीआईए को सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगी हैं। रविवार को पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात को लेकर उपजे संदेह के सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है।
-इंस्पेक्टर बीर सिंह, प्रभारी सीआईए, सोनीपत।