सोनीपत। अंबाला से दिल्ली रेलमार्ग पर राठधना रेलवे स्टेशन के नजदीक शुक्रवार शाम को गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया। शव की पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी शनाख्त के प्रयास कर रही है।
जीआरपी से जांच अधिकारी अजय पंडित ने बताया कि राठधना रेलवे स्टेशन के नजदीक रेलवे ट्रैक पर करीब 50-55 वर्षीय व्यक्ति का शव होने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। डाउन लाइन के बीच शव पड़ा था। शव की दशा को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। मृतक के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। शरीर पर सफेद कुर्ता पायजामा, नीला कच्छा है। पूरी तरह कुचले जाने से शव की पहचान नहीं हो पाई है।