- चार साल पुराने मंजू हत्याकांड में फास्ट ट्रैक कोर्ट का फैसला
- मृतका के पति पर लगा था दूसरी महिला से अवैध संबंध का आरोप
फोटो :40: जोनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. जसबीर सिंह की अदालत ने पत्नी की दरांती से हत्या के मामले में पति गांव लिवान निवासी जोनी को दोषी ठराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। साढ़े चार साल पुराने बहुचर्चित मंजू हत्याकांड में दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामले में सह आरोपी संदीप उर्फ छोटा, धर्मवीर उर्फ भोला और मीना को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
झज्जर के गांव जसौर खेड़ी निवासी ईश्वर सिंह ने 27 मार्च 2022 को सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी मंजू (36) की शादी करीब 16 साल पहले गांव लिवान निवासी जोनी के साथ की थी। शादी के बाद से ही जोनी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। जोनी का एक दूसरी महिला के साथ कथित अवैध संबंध के आरोप लगाए गए। इसी बात को लेकर वह मंजू के साथ मारपीट करने की बात कही गई थी। बुधवार को अदालत ने जोनी को उम्रकैद व 50 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है।
-
मंजू हेल्पलाइन पर मांगी थी मदद
पति की प्रताड़ना से परेशान होकर मंजू ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 पर फोन कर मदद मांगी थी। पुलिस चौकियों में भी शिकायतें दी थीं। परिजनों का आरोप था कि इसके बावजूद मंजू को प्रताड़ना से राहत नहीं मिली। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि मंजू की हत्या की साजिश रचकर वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी।
राठधाना रोड पर मिला था मंजू का शव
घटना 26 मार्च 2022 की है। थाना सेक्टर-27 सोनीपत पुलिस को राठधाना रोड पर सेक्टर-4 स्टेडियम के नजदीक दुर्घटना की सूचना मिली थी। मृतका के पिता की शिकायत के अनुसार मंजू की गर्दन और शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। शुरुआत में घटना को सड़क हादसा बताने का प्रयास किया गया, लेकिन नागरिक अस्पताल में शव की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।