केएमपी एक्सप्रेस-वे पर गांव छतेहरा के पास बिना इंडिकेटर खड़े कंटेनर में टकराने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा मंगलवार सुबह कोहरा होने व कंटेनर चालक की लापरवाही के कारण हुआ। युवक अपने साथी के साथ बहन के घर बेटी पैदा होने पर उपहार (पीलिया) देने जा रहा था। सूचना मिलने के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव पुगथला निवासी प्रमेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से जुआं फिलहाल गढ़ी केसरी निवासी अपने बहनोई अमित और बहन कृष्णा से मिलने गढ़ी केसरी आया था। उसके बहनोई की बहन मोनी को लड़की पैदा हुई है। मोनी की शादी राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ में हुई है। मोनी को बेटी पैदा होने पर उसके बहनोई अमित (30) को उसके घर पर उपहार देने जाना था। जिसके चलते सोमवार सुबह अमित व उसका दोस्त गढ़ी झंझारा निवासी साजिद एक बाइक पर व दूसरी बाइक पर वह रामगढ़ जाने के लिए निकल लिए। अमित अपनी बाइक को खुद चला रहा था और साजिद पीछे बैठा था। वह उनसे पीछे दूसरी बाइक पर चल रहा था। सुबह धुंध होने के चलते वह एक लेन में चल रहे थे। जब वह छतेहरा के पास पहुंचे तो एक कंटेनर सड़क पर बिना इंडिकेटर के खड़ा था। कोहरे के कारण उसके बहनोई को वह दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक उसमें टकरा गई। हादसे में उसके बहनोई व दोस्त घायल हो गए। अचानक हुए हादसे के बाद वह भी अपना होश खो बैठा। इसी बीच पहुंची एंबुलेंस अमित और साजिद को उठाकर सामान्य अस्पताल ले आई। जहां पर उसके बहनोई की मौत हो गई। वहीं साजिद को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है। सूचना के बाद पहुंची बारोटा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
केएमपी पर खड़े कंटेनर में टकराने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के साले के बयान पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुरेश कुमार, जांच अधिकारी, बारोटा चौकी।