सोनीपत। तीन जिलों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर करने के लिए सोमवार को लॉस डिटेक्शन प्लान तैयार किया गया। बिजली निगम मुख्यालय (ऊर्जा ऑडिट) पंचकूला से अधीक्षण अभियंता जेएस नारा ने अधिकारियों को बिजली चोरी पकड़कर ग्रामीण व शहरी फीडरों से लाइन लॉस कम करने के निर्देश दिए। ओल्ड डीसी रोड स्थित बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में हुई बैठक में सोनीपत, पानीपत व झज्जर के अधिकारी शामिल हुए।
अधीक्षण अभियंता जेएस नारा ने सोनीपत, झज्जर व पानीपत जिले में बिजली की चोरी ज्यादा होने पर चिंता जताई। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र के जिन फीडरों पर लाइन लॉस 10 फीसदी व ग्रामीण क्षेत्र के जिन फीडरों पर 20 फीसदी से ज्यादा लाइन लॉस है, उनकी सूची जल्द ही मुख्यालय भेजी जाए। साथ ही शहरी क्षेत्र के फीडरों पर लाइन लॉस कम करके सात फीसदी व ग्रामीण क्षेत्र के फीडरों पर 15 फीसदी का लक्ष्य दिया। इस दौरान सोनीपत के अधीक्षण अभियंता गीतूराम तंवर, पानीपत के अधीक्षण अभियंता धर्मबीर छिक्कारा, सोनीपत से कार्यकारी अभियंता अश्विनी कौशिक, धर्मबीर व रणबीर के अलावा उपमंडल अधिकारी विक्की गहलावत और झज्जर के कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे।