गोहाना (सोनीपत)। शहर में अपनी बुआ के घर आए एक दंपती से तीन बदमाश पिस्तौल तानकर महिला का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। दंपती शाम के समय शहर के पार्क में घूमने जा रहा था। पुलिस ने दंपती की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली में फेस-1 कुतुब विहार द्वारका के रहने वाले अनीस कुमार अपनी पत्नी गुड़िया के साथ शहर स्थित गीता कालोनी में रहने वाली अपनी बुआ के घर आया हुआ था। अनीस पत्नी गुड़िया और साली चिंकी के साथ शनिवार देर शाम को शहर में जींद रोड स्थित नगर परिषद पार्क में घूमने जा रहा था, जब तीनों शहर में रेलवे कालोनी से थोड़ा आगे अंडरब्रिज के निकट पहुंचे तो एक बाइक पर तीन बदमाश आए। बदमाशों ने बाइक रोककर अनीस को अपने पास बुलाया और उसे बातों में उलझाकर पिस्तौल तान दी। पिस्तौल तानते ही एक बदमाश ने फायर करने को कहा, लेकिन अनीस उन्हें चकमा देकर भाग निकला। हालांकि बदमाशों ने अनीस का कुछ दूर तक पीछा भी किया। इसके बाद वह वापस आए और उसकी पत्नी से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों का पता लगाया जा सके।