राई। गांव लिवान के पास स्थित शराब ठेके के सेल्समैन की कनपटी पर पिस्तौल तानकर बदमाश 25000 रुपये की नकदी व छह पेटी शराब लूट ले गए। वारदात को कार सवार चार बदमाशों ने अंजाम दिया। बदमाशों ने फोन कर सेल्समैन से ठेका खुलवाया था। राई थाना पुलिस ने सेल्समैन के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ठेके पर लगे सीसीटीवी की जांच कर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
उत्तराखंड के जिला उधम सिंह नगर के गांव नौगांव निवासी भैरोदत्त ने पुलिस को बताया कि वह लिवान गांव के पास शराब ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। उसने बताया कि शुक्रवार सुबह छह बजे उसके पास एक मोबाइल नंबर से कॉल आई और कॉल करने वाले ने शराब लेने के लिए शटर खोलने को कहा। जब उसने ठेके का शटर खोला तो चार युवक ठेके के बाहर खड़े थे। उनके पास आई-10 कार थी। जिस पर यूपी का नंबर लिखा था। उन्होंने छह पेटी शराब निकलवाई। जब उसने पैसे मांगे तो एक युवक पैसे गिनते हुए ठेके से बाहर निकल गया। इसके बाद वह अंदर आया तो उसने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। इसी बीच दूसरे युवक ने गल्ले से 25 हजार रुपये निकाल लिए। चारों बदमाशों ने सेल्समैन के साथ मारपीट भी की और उसे कमरे में बंद कर फरार हो गए। उनके जाने के बाद उसने पुलिस को अवगत कराया। राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सेल्समैन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास की दुकानों व ठेका पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान का प्रयास कर रही है।
छह माह पहले इसी सेल्समैन से लूटे थे 99 हजार रुपये
लिवान गांव स्थित शराब के ठेके पर लूट की यह दूसरी वारदात है। सेल्समैन भैरोदत्त के साथ 7 अगस्त 2020 को भी लूट की वारदात हुई थी। छह माह पहले रात को डेढ़ बजे तीन नकाबपोश बदमाश ठेके से 99 हजार रुपये व तीन मोबाइल लूटकर भाग गए थे। ठेके पर मौजूद तीनों कारिंदों को एक कमरे में बंद कर गए थे।