गन्नौर। शहर के रेलवे रोड स्थित पेट्रोल पंप पर फायरिंग करने के बाद बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश सेल्समैन से 3000 रुपये की नकदी से भरा बैग छीन ले गए। बदमाश पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में दिख रहे हैं। पेट्रोल पंप के कारिंदे ने मामले की शिकायत थाना गन्नौर पुलिस को दी। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पेट्रोल पंप के सेल्समैन गांव पीरगढ़ी निवासी जोनी ने पुलिस को बताया कि वह 3 वर्ष से रेलवे रोड स्थित जय गंगा मैया फिलिंग स्टेशन पर कार्यरत है। शनिवार की रात वह पंप पर मौजूद था। इसी दौरान बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश आए और पिस्तौल के बल पर उसका कैश बैग छीन लिया। उसमें करीब 3000 रुपये थे। कारिंदे ने पुलिस को बताया कि बदमाश काले रंग की बिना नंबर प्लेट की स्पलेंडर बाइक लेकर आए थे। उनमें से एक युवक ने भागते हुए हवाई फायर किया और वहां से फरार हो गए। थाना प्रभारी वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने कारिंदे की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही बदमाशों का पता लगा कर उन्हें पकड़ लिया जाएगा।