सोनीपत। गांव राई के पास ईको वैन में सवार होकर दिल्ली से लौट रहे युवक को नशीले स्प्रे से बेसुध कर 70000 रुपये व आईफोन लूटने का मामला सामने आया है। बदमाश युवक को बहालगढ़-राई के बीच फेंककर फरार हो गए। होश में आने पर युवक ने राई पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अंबाला के गांव बराडा निवासी इंशात ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह किसान है। वह काम निपटाकर दिल्ली से वापस अंबाला जाने के लिए निकला था। वह दिल्ली के जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन से पानीपत जाने के लिए ईको वैन में सवार हो गया। युवक का आरोप है कि कुंडली बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन के चलते चालक उसे दिल्ली के बख्तावरपुर की तरफ से लेकर आ रहा था। उसने बताया कि बख्तावरपुर गांव से वैन में दो अन्य युवक सवार हो गए। हरियाणा की सीमा में आने के बाद करीब पांच किलोमीटर चलते ही युवकों ने अचानक स्प्रे निकालकर उसके चेहरे पर मार दिया। स्प्रे नशीला होने के कारण वह बेसुध हो गया। बाद में जब उसे होश आया तो उसने खुद को राई व बहालगढ़ के बीच में पाया। उसने देखा कि उसे बेसुध कर बदमाश उसके 70000 रुपये व आईफोन-11 लूट ले गए हैं। उसने मामले से राई थाना पुलिस को अवगत कराया।
वर्जन
युवक ने नशीला स्प्रे चेहरे पर डालकर बेसुध करने के बाद नकदी व आईफोन लूटने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
- विवेक मलिक, थाना प्रभारी, राई।