गन्नौर। गांव आहुलाना के सरपंच के भाई और नौकर की शनिवार को आहुलाना-चुलकाना रोड पर कार सवार अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर बाइक लूट ली। सरपंच के भाई ने लूट की जानकारी खुबडू झाल पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
आहुलाना गांव के रहने वाले अजीत ने बताया कि 17 जुलाई की रात को वह अपने नौकर शमशेर के साथ अलग-अलग बाइक से चुलकाना रोड स्थित अपने खेतों में धान की फसल को पानी देने गए थे। इस दौरान उनकी बाइक सड़क के किनारे खेत में बने कोठे पर खड़ी थी। अजीत ने बताया रात साढे़ 11 बजे एक सेंट्रो कार में नकाबपोश तीन बदमाश उनके कोठे पर आए। इनमें से दो के हाथ में पिस्तौल थी और उन्होंने उन दोनों पर तान दी। इसके बाद बदमाश उनकी दोनों बाइकों को लेकर चुलकाना की तरफ भाग गए। मामले की जानकारी होने पर खुबडू झाल चौकी पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की तो लूटी गई अजीत की बाइक समालखा के गांव छजिया के खेतों में मिली। जबकि शमशेर की बाइक की नंबर प्लेट भी वहां पड़ी हुई मिली। चौकी प्रभारी रमेश कुमार का कहना है कि दूसरी बाइक को भी जल्द ही बरामद कर बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।