जीटी रोड पर सड़क निर्माण कार्य के चलते जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : Sonipat
राई। जीटी रोड पर बहालगढ़ से कुंडली तक लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नेशनल हाईवे पर सड़क निर्माण के चलते रविवार को जाम लगा, जबकि हाईवे पर दो दिन पहले भी लंबा जाम लगा था। इस तरह हाईवे पर आए दिन जाम लगने से वाहन चालकों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसको डिवाइडर से उतारकर दूसरी तरफ की सड़क से निकाला गया।
जीटी रोड पर पिछले कई साल से सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा है, जिससे सड़क को काफी जगह से उखाड़कर छोड़ा गया है। इसके अलावा सड़क पर बीच में गड्ढे भी खोदकर छोड़े गए हैं। जिस कारण हाईवे से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं सड़क निर्माण कार्य के कारण हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार भी लग जाती है। हाईवे पर रविवार को कुंडली से बहालगढ़ तक लंबा जाम लग गया। वहां करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा और उसके बाद खुद ही जाम की स्थिति सामान्य हो सकी।