गन्नौर के वार्ड नंबर 10 में नवदंपती अंकित सैनी व दामिनी को आशीर्वाद देते विधायक निर्मल चौधरी व समा?
- फोटो : Sonipat
गन्नौर। शादी के लिए हैदराबाद से छुट्टी पर खरखौदा आए फौजी को चार दिन बाद ही ड्यूटी पर जाना था। लेकिन कोरोना संक्रमण रोकने के कारण जारी लॉकडाउन के चलते फौजी ने गन्नौर में अपनी मंगेतर संग मास्क लगाकर शादी रचाई। तीन माह पहले ही फौजी का रिश्ता तय हुआ था और धूमधाम के साथ शादी करने की इच्छा थी। फौजी ने अवकाश अवधि पूरी होने से पहले ही डीसी से विशेष अनुमति लेकर अपनी शादी की रस्में पूरी कीं।
खरखौदा के रहने वाले फौजी अंकित सैनी की हैदराबाद में तैनाती है। अंकित सैनी का रिश्ता तीन माह पहले ही गन्नौर के वार्ड-10 की रहने वाले दामिनी के साथ तय हुआ था। अंकित सैनी की शादी 16 अप्रैल की तय हुई थी और उसकी इच्छा धूमधाम के साथ शादी करने की थी। अंकित सैनी शादी के लिए लॉकडाउन से पहले छुट्टी लेकर अपने घर पहुंचा था। लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ने के कारण लॉकडाउन के बीच फौजी के पिता व वधू पक्ष ने अवकाश अवधि खत्म होने से पहले उनकी शादी करने का निर्णय लिया। क्योंकि फौजी अंकित सैनी की 20 अप्रैल को छुट्टी खत्म होनी है और उसे वापस ड्यूटी पर जाना है। ऐसे में विधायक निर्मल चौधरी ने फौजी की छुट्टी का हवाला देकर डीसी से शादी कराने की सशर्त अनुमति दिलाई। इसके बाद दोनों ही परिवारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए वीरवार को अंकित सैनी व दामिनी का विवाह संपन्न कराया। शादी समारोह के दौरान वर-वधू ने मास्क लगा रखा था। फौजी अंकित सैनी की बारात में पांच लोग शामिल हुए। वहीं दामिनी की तरफ से चार लोग शामिल हो सकें। इस दौरान विधायक निर्मल चौधरी व समाजसेवी अरूण त्यागी ने नवदंपती को आशीर्वाद देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की।