अनाज मंडी के निरीक्षण के दौरान रोहतक रैंज आईजी सन्दीप खिरवार एसपी जशनदीप सिंह रंधावा से जानकारी
- फोटो : Sonipat
सोनीपत/खरखौदा। दिल्ली से सटे कुंडली बार्डर को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। अब दिल्ली या हरियाणा में कार्यरत कर्मी भी बार्डर से आवागमन नहीं कर सकेंगे। बार्डर से सिर्फ खाद्य पदार्थ के वाहन की गुजर सकेंगे। कुंडली के पास का क्षेत्र कंटेनमेंट जोन में शामिल होने के चलते यह कदम उठाया गया है। आईजी रोहतक रेंज संदीप खिरवार व एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने जिले में बार्डर से सटे नाकों व अनाज मंडियों का निरीक्षण करने के बाद सील करने का निर्णय लिया।
कुंडली बार्डर को सील करने के बाद भी वाहनों की आवाजाही हो रही थी। दिल्ली में कार्यरत कर्मी अपने घरों में आवागमन कर रहे थे। जिले में दिल्ली में कार्यरत दो कर्मियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बार्डर पर सख्ती बढ़ाने की दरकार थी। बुधवार को बार्डर पर वाहनों को रोकने से जाम की स्थिति भी बन गई और वहां लोगों ने काफी देर तक हंगामा भी किया। जिस पर आईजी संदीप खिरवार व एसपी जश्नदीप सिंह ने निरीक्षण करने के बाद कुंडली बार्डर को पूरी तरह से सील करने का निर्णय लिया। एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि अब दिल्ली में कार्यरत कर्मी को वहीं पर रहना होगा या अपने घर पर रहेगा। अब कोई दिल्ली का कर्मी हरियाणा या हरियाणा की कर्मी दिल्ली आवागमन नहीं कर सकेगा। कुंडली बार्डर से सिर्फ आवश्यक वस्तु लेकर आने वाले वाहनों को ही आने जाने की अनुमति दी जाएगी। इस क्षेत्र में डीसी की तरफ से जारी पास धारक ही आवागमन कर सकेंगे।