खरखौदा। खरखौदा थाने में 10 मुकदमों में जब्त की गई शराब को न्यायालय के आदेश पर नष्ट किया गया। इस दौरान शराब को नष्ट करने के लिए बनाई गई कमेटी के सदस्य सहायक पुलिस आयुक्त जीत सिंह बेनीवाल, तहसीलदार मुकेश व आबकारी निरीक्षक अमरजीत की मौजूदगी में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
खरखौदा पुलिस की तरफ से विभिन्न जगहों से अवैध रूप से लाई जा रही शराब को पकड़ा गया था। शराब के मामलों को लेकर न्यायालय में कार्रवाई होने पर अब खरखौदा पुलिस की तरफ से न्यायालय से पकड़ में आई शराब को नष्ट करने की मंजूरी ली गई थी। जिसकी मंजूरी मिलने पर खरखौदा थाने में शराब नष्ट कराई गई। इस दौरान 10 मामलों की 965 पेटी, 26 अध्धे व 65 पव्वे नष्ट किए गए। इससे पहले भी पुलिस हजारों पेटियां नष्ट करवा चुकी है। लाकडाउन के दौरान पुलिस कस्टडी में रखी शराब को खुर्दबुर्द करने के चलते सुर्खियों में आए खरखौदा थाने में अब पुलिस लंबे समय तक शराब को नहीं रखती। समय-समय पर न्यायालय के आदेश पर समय-समय पर इसे नष्ट करवाया जा रहा है।