राई। गांव बारोटा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने चाकू के बल पर वाहन चालक से 35 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर कुंडली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हिसार के गांव सुलखनी निवासी नवीन ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह एक माह से हिसार के गांव बडाला निवासी संदीप पूनिया के फोर-व्हीलर (टाटा इंट्रा) पर चालक है। वह हिसार से शाम नौ बजे बारोटा के लिए चले थे। देर रात दो बजे वह बारोटा के स्कूल के पास पहुंचे तो अचानक बाइक सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे बाइक रोककर उन्हें रोक लिया। गाड़ी रोकते ही एक युवक ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। उसी दौरान दूसरे युवक ने गाड़ी में रखे 35 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। दोनों उन्हें मारने की धमकी देकर भाग गए। चालक ने लूट की वारदात की सूचना गाड़ी मालिक संदीप पूनिया व पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है बदमाशों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।