सोनीपत। शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। शहर के बीच ड्रेन नंबर छह पर जल्द ही हल्के वाहन दौड़ते नजर आएंगे। वाहनों की आवाजाही के लिए 7 मीटर में दो लेन की सड़क बनाई जाएगी। ट्राई सिटी चंडीगढ़ की तर्ज पर ढाई मीटर में साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जाएगा।
नगर निगम की ओर से दिव्य नगर योजना के तहत ड्रेन का सुंदरीकरण करने का निर्णय लिया गया है। ड्रेन के सुंदरीकरण को लेकर करीब 25 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा गया है। सरकार से बजट मिलने के बाद टेंडर लगाया जाएगा। शहर के बीच से गुजर रही ड्रेन नंबर 6 को पक्का करने की योजना वर्ष 2016 में बनाई गई थी। इसे दो हिस्सों में पक्का किया जा रहा है। सितंबर, 2017 में कायाकल्प और शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन (अमृत) योजना के तहत ड्रेन पक्की करने को टेंडर आवंटित किया था।
देवडू रोड से शादीपुर तक ड्रेन के पार्ट-1 को पक्का करने के लिए 92 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वर्तमान में ड्रेन पर बने पुलों को जोड़ने का काम बचा हुआ है। निर्माण दो माह में पूरा करने का दावा किया जा रहा है। उससे आगे शादीपुर से राठधना गांव तक ड्रेन के पार्ट-2 के 2600 मीटर हिस्से का निर्माण 47.29 करोड़ रुपये में किया जा रहा है।
पहले चरण में 1800 मीटर में बनेगी सड़क
दिव्य नगर योजना के तहत पहले चरण में 1800 मीटर सड़क बनाई जाएगी। सिक्का काॅलोनी से लेकर साई मंदिर तक ड्रेन के ऊपर सड़क का निर्माण किया जाएगा। 7 मीटर में दो लेन सड़क बनने से हल्के वाहनों की आवाजाही आसान हो जाएगी। हल्के वाहन चालकों को शहर में लगने वाले जाम से छुटकारा मिल सकेगा। शहरवासियों को साइकिल ट्रैक की कमी लंबे समय से खल रही है। लोग साइकिल ट्रैक का निर्माण कराने की मांग कर रहे थे। नगर निगम ने ड्रेन के ऊपर सड़क के साथ ढाई मीटर में साइकिल ट्रैक बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। यह ट्रैक सड़क के साइड में बनेगा। ग्रीन बेल्ट भी बनी रहेगी।दिव्य नगर योजना के तहत ड्रेन नंबर छह के साथ लगते सेक्टर-13 के पार्क का नवीनीकरण किया जाएगा। पार्किंग का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। पार्क का नवीनीकरण होने से शहरवासियों को फायदा होगा।
ड्रेन पर तीन जगह ओपन जिम की होगी सुविधा
ड्रेन नंबर छह पर तीन जगह ओपन जिम की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों के खेलने के लिए झूले भी लगाए जाएंगे। लोगों के बैठने के लिए गजीबो (छतरीनुमा यह स्ट्रेक्चर खासतौर से फोटोशूट करने वाले युवाओं को अपनी ओर खीचेंगे) का निर्माण किया जाएगा। सेक्टर-13, जनता कॉलोनी, सिक्का कॉलोनी, ब्रह्म नगर, जीवन नगर, न्यू जीवन नगर, कबीरपुर, तारा नगर, नंदवानी नगर, साईंपुरम के लोगों को इसका फायदा होगा।
दिव्य नगर योजना के तहत ड्रेन नंबर छह का सुंदरीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर पहले चरण में 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 1800 मीटर सड़क के निर्माण के साथ साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। सेक्टर-13 में ड्रेन के साथ लगते पार्क का नवीनीकरण किया जाएगा।-अजय निराला, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम