सोनीपत। संस्था एमडीडी ऑफ इंडिया के कार्यालय शास्त्री कॉलोनी में चलो स्कूल की ओर कार्यक्रम का आगाज किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा पहुंचे। उनके साथ अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य रविंद्र दिलावर व वरिष्ठ भाजपा नेता आजाद नेहरा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल अधिकार कार्यकर्ता डॉ. राज सिंह सांगवान ने की। चलो स्कूल की ओर अभियान कार्यक्रम की इंचार्ज सुनीता देवी ने बताया कि जिले में जो स्कूल ड्रॉप आउट बच्चे हैं उनके घर-घर जाकर उनके स्कूल छोड़ने के कारण का पता लगाएंगे। उनकी काउंसिलिंग कर दोबारा स्कूल से जोड़ने का काम करेंगे। यदि कोई बच्चा पढ़ाई में कमजोर हैं और आगे पढ़ने में असमर्थ हैं तो उसको उसकी रुचि के अनुसार सरकार की ओर से संचालित स्किल डेवलपमेंट इंडिया कार्यक्रम के साथ जोड़ेंगे। डॉ. राजसिंह सांगवान ने कहा कि यह बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत एक कार्यक्रम चलाया गया है, जिससे बच्चों का पता लगाया जा सके कि स्कूल छोड़ने के बाद बच्चे बाल दुराचार की किस श्रेणी में जाते हैं और उनके शोषण के कितने प्रकार और निकल कर आते हैं। इस दौरान रमन, प्रिंस शर्मा, प्रमोद वत्स, सरिता देवी, आरती दहिया, मीनाक्षी शर्मा, सुमन वशिष्ठ, नैंसी सरोहा, मंजीत धनखड़ व विकास दहिया उपस्थित रहे।