सोनीपत। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से बीआरसी हाल में दो दिवसीय जिला स्तरीय अभिविन्यास कार्यक्रम का बुधवार को समापन हो गया। दूसरे दिन मुख्यातिथि के रूप में खरखौदा से खंड शिक्षा अधिकारी सुजाता खत्री पहुंची। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों को अभिविन्यास कार्यक्रम के उद्देश्यों से अवगत कराया।
बीईओ सुजात खत्री ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को लेकर चल रही योजनाओं के प्रति शिक्षकाें काे जागरूक करना था। जिससे दिव्यांग विद्यार्थियों को भी मुख्यधारा में लाया जा सके। कार्यक्रम में सरकार की ओर से दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं काे जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए शिक्षक अहम कड़ी बन सकते हैं। इन योजनाओं को लेकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी होती है कि विद्यार्थियों को सही ढंग से मार्गदर्शन करें। जिला परियोजना समन्वयक जितेंद्र छिक्कारा ने अभियान के आगामी भविष्य के बारे में बताया कि इसके बाद खंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें अभिभावकों को भी शामिल किया जाएगा। जिससे अभिभावकों को भी दिव्यांग बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस दौरान सहायक परियोजना समन्वयक अतर सिंह, रूपेंद्र पूनिया, अमित भनवाला सहित विभिन्न स्कूलों से पहुंचे शिक्षक मौजूद रहे।