सोनीपत बार एसोसिएशन की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी व अधिवक्ता।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट परिसर में पुलिस और वकीलों के बीच हुई झड़प का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। दोनों पक्षों की तरफ से देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। जिसके चलते जहां जिले में अधिवक्ताओं ने कोर्ट का काम बंद कर दिया है। वहीं वीरवार को पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने कैंडल मार्च निकाला है। पुलिस कर्मियों ने दिल्ली पुलिस को साथ होने का भरोसा दिलाया।
विदित रहे कि दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर में गाड़ी पार्किंग को लेकर पुलिस और वकीलों के बीच झड़प हो गई थी, जिसके बाद दोनों ओर से जमकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। दोनों पक्षों ने देशव्यापी आंदोलन छेड़ दिया है। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अनूप दहिया ने कहा कि दिल्ली में उनके साथियों के साथ पुलिस ने ज्यादती की है। वकीलों के साथ अन्याय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में वकील लगातार काम बंद रख रहे हैं। वीरवार को बैठक कर निर्णय लिया गया कि वीरवार और शुक्रवार को वकील काम नहीं करेंगे। इसके बाद चार दिन तक छुट्टी के बाद बुधवार को फिर से बैठक की जाएगी, जिसमेें आगे की रणनीति पर विचार कर उसके अनुसार फैसला लिया जाएगा।
पुलिस लाइन से शहीद स्मारक तक निकाला कैंडल मार्च
दिल्ली पुलिस के समर्थन में सोनीपत पुलिसकर्मी भी खड़े हो गए हैं। सेवारत व रिटायर्ड पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन से कैंडल मार्च निकाला। वे शहीद स्मारक तक कैंडल मार्च निकालते हुए पहुंचे। पुलिसकर्मियों का कहना था कि वकीलों द्वारा सरेआम पुलिसकर्मियों की पिटाई करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस सुरक्षा के लिए होती है। अगर पुलिस की सुरक्षा ही खतरे में पड़ेगी तो देश में व्यवस्था बिगड़ जाएगी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ हैं और शांतिपूर्ण ढंग से मामले का हल चाहते हैं, ताकि व्यवस्था बनी रहे। पुलिस के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा।
सोनीपत में कैंडल मार्च निकालते पुलिस कर्मी।- फोटो : Sonipat