खुर्मपुर के किसान कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए
- फोटो : Sonipat
राई। प्रशासन ने एक सप्ताह पहले जिस जमीन को यूपी के किसानों से कब्जामुक्त कराया था और खुर्मपुर के किसानों को कब्जा दिलाया था। उस जमीन को लेकर विवाद ज्यादा बढ़ गया है। खुर्मपुर के किसान खेतों में पहुंचे तो वहां यूपी के बागपत जिले के नंगला बहलोलपुर के 20 से ज्यादा किसानों ने हमला कर दिया। वहां से किसान भागने लगे तो उनपर फायरिंग की गई। इसके बाद दोबारा से किसान खेतों में गए तो उनपर फिर से फायरिंग कर दी गई। इस मामले में किसानों ने यूपी के किसानों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया और कुंडली थाना व एसपी कार्यालय में शिकायत की गई।
गांव खुर्मपुर की 20 एकड़ जमीन पर यूपी के बागपत जिले के नंगला बहलोलपुर गांव के किसानों ने कब्जा किया हुआ था। उस जमीन की गिरदावारी खुर्मपुर के रहने वाले गंगाराम नंबरदार, हरपाल चौहान, अमन चौहान, नरेंद्र चौहान, राजपाल चौहान, अजीत चौहान, राजकुमार चौहान के नाम है। करीब छह सालों से यूपी के किसानों ने उस जमीन पर कब्जा कर रखा था। गांव के किसानों की तरफ से डीसी डॉ. अंशज सिंह को शिकायत मिलने के बाद 21 नवंबर को पुलिस बल के साथ जाकर अधिकारियों ने उसे कब्जा मुक्त कराया था और उसपर खुर्मपुर के किसानों का कब्जा दिलाया गया था। किसान राजकुमार, मनोज, प्रकाश, अमन सिंह का कहना है कि कब्जा मिलने के अगले दिन वह खेतों में पहुंचे तो यूपी के नंगला बहलोलपुर गांव के 20 से ज्यादा किसान वहां हथियार लेकर पहुंच गए। जहां खुर्मपुर के अन्य लोग भी पहुंच गए तो उनको देखकर यूपी के किसान धमकी देकर वापस चले गए। इसकी सूचना कुंडली थाना पुलिस व कंट्रोल रूम में फोन करके दी गई। किसानों का आरोप है कि वह मंगलवार को दोबारा से खेतों में गए तो वहां यूपी के नंगला बहलोलपुर के किसान दोबारा से पहुंच गए और उनपर फायर कर दिया। वह किसी तरह वहां से बचकर भागे और इस मामले में यूपी के किसानों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। खुर्मपुर के किसानों ने कुंडली थाने के साथ ही एसपी कार्यालय में कार्रवाई के लिए शिकायत दी है। एसएचओ कुंडली रविंद्र कुमार का कहना है कि अभी किसानों की शिकायत नहीं मिली है और शिकायत मिलने पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।