गोहाना। गांव रिंढाना में मजदूर के साथ दो युवकों ने पिटाई कर दी। जब मजदूर बीच बचाव कर घर चला गया तो आरोपियों ने परिजन के साथ घर में घुसकर फिर मजदूर को पीट डाला। आरोप है कि आरोपियों ने गोली चलाई, जिससे पीड़ित के परिवार को चोट लगी। पीड़ित की शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिंढाना निवासी सरवर ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। वह खेत में पेड़ों की कटाई करवा रहे थे। वह जब मजदूरों की चाय लेने खेत से घर आ रहे थे तो गांव के ही आशीष व हिमांशु ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला कर दिया। जिससे वह किसी तरह बचाव कर घर आ गए। उसके बाद आरोपी अपने परिवार के साथ मिलकर लाठी और हथियार लेकर घर में घुस गए और फिर उनकी पिटाई कर दी। उनका आरोप है कि घटना के तहत अमित व आशीष ने गोली चलाई। जिससे उनके परिवार के एक सदस्य को चोट लगी है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने इससे पहले भी जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।