फोटो : सोनीपत के गन्नौर में आयोजित जीपीएल के दौरान अतिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करते आय
गन्नौर। रौनक पब्लिक स्कूल क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित गन्नौर प्रीमियर लीग (जीपीएल) के तीसरे दिन बुधवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में कुनाल टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गन्नौर टाइगर्स को पराजित किया।
मुकाबले में मुख्यातिथि विश्व कप कबड्डी खिलाड़ी योगेश दहिया व पटना पाइरेट्स कबड्डी टीम के कप्तान मिलन दहिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा खेलों में अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जीपीएल जैसे आयोजन को युवा खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच बताया।
टॉस जीतकर कुनाल टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 106 रन पर 7 विकेट का स्कोर खड़ा किया। कुनाल टाइटन्स की ओर से हनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी पारी में 7 आकर्षक चौके शामिल रहे। इसके अलावा नूतन गौरी ने 13 रन, सक्षम शर्मा ने 11 रन व धनंजय दत्त ने 9 रन का योगदान दिया।
गन्नौर टाइगर्स की ओर से गेंदबाजी में देवांश कौशिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए। वहीं कुणाल जांगड़ा, प्रीरित, हितेश संधू और शिवम राजपूत ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। कुनाल टाइटन्स की मजबूत बल्लेबाजी और अनुशासित खेल ने टीम को मुकाबले में बढ़त दिलाई।
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सक्षम शर्मा (कुनाल टाइटन्स) को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। सक्षम शर्मा ने मैच में 11 महत्वपूर्ण रन बनाए व गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए।
लीग का उद्देश्य युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को एक पेशेवर मंच प्रदान करना तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।