खरखौदा। शहर के रहने वाले युवक का रिश्तेदार यूपी स्थित अपने गांव से लड़की को बहकाकर ले गया तो लड़की के भाई ने खरखौदा आकर युवक का अपहरण कर लिया। युवक की ताले-चाबी की दुकान है। आरोपी ने साथियों के साथ आकर उसे गाड़ी की चाबी बनवाने के बहाने बुलाया और गाड़ी में डालकर ले गए। उसके साथ काम करने वाले चाचा ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खरखौदा शहर के रहने वाले रिंकू ने पुलिस को बताया कि उसकी शहर में ताले-चाबी की दुकान है। बुधवार को उसका भतीजा टिंकू भी उसकी दुकान पर था। शाम करीब छह बजे उनके रिश्तेदार के गांव का रहने वाला देवेंद्र उनके पास आया था। यूपी का रहने वाला देवेंद्र उसके भतीजे को अपनी गाड़ी की चाबी बनाने के बहाने बुलाकर बाहर ले गया। उसने देखा कि देवेंद्र व अन्य उसके भतीजे को गाड़ी में अगवा कर ले गए। उन्होंने उसे भी अगवा करने का प्रयास किया लेकिन वह भाग निकला। उसने मामले से परिजनों और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस-वे से युवक को बरामद कर आरोपी देवेंद्र व उसके साथी सतबीर, ब्रह्मसिंह व फतेहसिंह को गिरफ्तार कर लिया। सभी यूपी के शामली के गांव के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में पूछताछ के बाद पता लगा कि टिंकू का रिश्तेदार देवेंद्र की बहन को बहकाकर ले गया है। उसे शक था कि टिंकू ने अपने रिश्तेदार की मदद की है। जिसके चलते वह उसे उठाकर ले जा रहा था।