गोहाना। ड्रेन नंबर-आठ के पास पार्क में टहल रहे युवक का कार में आए दो बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर अपहरण कर लिया।
बाद में बदमाशों ने उनसे साढ़े 18 हजार रुपये वसूलने के बाद उन्हें छोड़ दिया। पीड़ित ने वारदात की शिकायत थाना शहर पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आर्य नगर निवासी अजय ने बताया कि वह शनिवार दोपहर डेढ़ बजे ड्रेन नंबर 8 पर टहलने के लिए गए थे। इस दौरान एक सफेद रंग की कार आकर उनके पास रुकी। कार से एक युवक उतरा और उन्हें पिस्तौल दिखाकर कार में बैठा लिया। कार सवार उनका अपहरण कर चल पड़े।
उन्होंने घर से 15 हजार रुपये मंगवाने के लिए कहा और साथ ही नहीं देने पर मारने की धमकी दी। परिजनों ने रुपये डालने को बैंक खाता नंबर मांगा तो उन्होंने मना कर दिया। साथ ही ड्रेन नंबर 8 के पास एडवांस सर्विस स्टेशन पर जाकर आशीष नाम के युवक को रुपये देने को कहा। इस पर पीड़ित का साला राजेश रुपये देने गया तो वहां आशीष मिला। आशीष से मोबाइल पर बात करते हुए एक आरोपी ने अपना नाम सोनू बताया। राजेश से आशीष को 15 हजार रुपये दिलवाने के बाद उसने कहा कि तुम्हारा आदमी कुछ समय के बाद मिल जाएगा। इसके बाद कार में सवार दोनों युवकों ने पीड़ित को ड्रेन नंबर आठ के पास छोड़ दिया और उनके 3500 रुपये भी छीन लिए।