रोहतक। सोनीपत के बरोदा हलके से कांग्रेस का टिकट न मिलने से नाराज कपूर सिंह नरवाल भाजपा में जाने की तैयारी में हैं। शनिवार दोपहर नरवाल अपने साथियों के साथ रोहतक स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे और प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया से 25 मिनट तक मुलाकात की।
मुलाकात के बाद कार्यालय से बाहर आए नरवाल ने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। केवल इतना कहा, राजनीति में कुछ भी संभव है। देखते हैं क्या रहता है। नरवाल ने कहा कि उन्होंने बरोदा हलके से इनेलो के टिकट पर दो बार चुनाव लड़ा है, हालांकि वे कांग्रेस के श्रीकृष्ण हुड्डा से हार गए थे। बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। 2020 में बरोदा उपचुनाव के दौरान कपूर सिंह नरवाल ने पार्टी से टिकट मांगा। नरवाल का कहना है कि उस समय भरोसा दिया कि 2024 में पार्टी उनको टिकट देगी। अब कांग्रेस ने इंदुराज नरवाल को टिकट दिया है। ऐसे में उनके साथ धोखा किया है। नरवाल ने कहा कि उन्होंने भाजपा प्रदेश प्रभारी से मुलाकात की है, देखते हैं क्या रहता है।