फोटो 24- सोनीपत के बड़ा बाजार में कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु। संवाद
सोनीपत। हलवाई हट्टा स्थित श्री देवी चिट्टाने वाली माता मंदिर के वार्षिक उत्सव पर कलश यात्रा निकाल नौ दिवसीय महाशिव पुराण कथा एवं नवचंडी यज्ञ का आगाज किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कलश यात्रा का शुभारंभ ठाकुर द्वारा पंचायती मंदिर में गणेश व कलश पूजन के साथ किया। यात्रा में यजमान के रूप में तरुण व मीनाक्षी गोयल सहित 201 महिलाओं ने कलश उठाकर भाग लिया। कलश यात्रा बड़ा बाजार, देवी वाड़ा चोहट्टा मोहल्ला, खारी कुआं सहित मुख्य मार्गों से होती हुई कथा स्थल पर पहुंची।
कथा स्थल पर कथावाचक आचार्य अनुज दीक्षित, मंदिर समिति के प्रधान महेश गोयल, पंडित अमित शौनक ने पूजन कर कलश स्थापना करवाई। श्रीराम लीला सभा व पंचायती ठाकुर द्वारा मंदिर समिति के प्रधान महेंद्र मंगला व अमित कुच्छल ने दीप प्रज्वलित कर महाशिव पुराण कथा की शुरुआत की। कथा के प्रथम दिन मुख्यातिथि के रूप में विधायक निखिल मदान, मुख्यमंत्री के ओएसडी बीरेंद्र बड़खालसा व 1008 स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज ने शिरकत की। यजमान के रूप में शुभम, गौरव व सिद्धार्थ गोयल कथा में पहुंचे। बड़ौत से कथावाचक आचार्य अनुज दीक्षित ने श्रद्धालुओं को महाशिव पुराण कथा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि महाशिव पुराण कथा सुनने से मनुष्य को सभी पापों से मुक्ति मिलती है। कार्यक्रम में मंदिर समिति के उप प्रधान तरुण गोयल, कोषाध्यक्ष नरेश कुमार, सचिव गौरव, विशाल गोयल, विक्रांत गुप्ता, प्रवीण कुच्छल, प्रमोद गुप्ता व पंडित राजेश शौनक मौजूद रहे।