सोनीपत/गोहाना। टैक्सी चालक पिता के संघर्ष, चाचा के त्याग और लाठ की पहलवान बेटी काजल की मेहनत के साथ ध्यानचंद अवार्डी कुलदीप मलिक का मार्गदर्शन मिला तो संकल्प खुद ब खुद कामयाबी में बदलती चली गई। चाचा के सपनों को साकार करने के लिए अखाड़े में उतरी बेटी ने विश्व कुश्ती के मंच पर तिरंगा लहराया तो ग्रामीणों ने भी गांव पहुंचने पर उसका दिल खोलकर स्वागत किया। रजत पदक जीतकर लौटी काजल के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश के सहकारिता, कारागार, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भी शिरकत किया।
काजल ने सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के 76 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 अक्तूबर को रजत पदक जीता था। मूलरूप से गांव लाठ और वर्तमान में सेक्टर-23 सोनीपत निवासी काजल का सोनीपत पहुंचने पर स्वागत किया गया। स्वागत यात्रा सुभाष स्टेडियम से शुरू होकर कुलदीप मलिक कुश्ती अकादमी बड़वासनी तक पहुंची। इस दौरान ओलंपियन एवं ध्यानचंद अवॉर्डी कुलदीप मलिक, द्रोणाचार्य अवार्डी राज सिंह छिक्कारा, अजय मलिक, नीरज हुड्डा, ध्यानचंद अवार्डी ज्ञान सिंह, शमशेर पहलवान भैंसवाल, अशोक खत्री, मेहताब, जसबीर दोदवा ने बेटी का स्वागत किया।
-
पत्नी के साथ मौजूद रहे कैबिनेट मंत्री
कुलदीप मलिक कुश्ती अकादमी की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने काजल को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों में उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों और खेल अकादमियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके साथ उनकी पत्नी डॉ.रीटा शर्मा भी मौजूद रहीं।
-
चाचा ने खुद के सपने छोड़े, भतीजी की कामयाबी को बनाया अपना लक्ष्य
काजल की सफलता के पीछे उनके परिवार का संघर्ष और चाचा कृष्ण पहलवान का समर्पण अहम रहा है। काजल के पिता टैक्सी चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। वहीं, चाचा कृष्ण पहलवान ने बचपन से ही उन्हें कुश्ती के दांव-पेच सिखाए और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी पहलवानी को पीछे छोड़कर भतीजी के सपनों को ही अपना लक्ष्य बना लिया। काजल ने भी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से उनके विश्वास को विश्व पटल पर सम्मान दिलाया।
अगला लक्ष्य ओलंपिक पोडियम पर तिरंगा लहराना
ध्यानचंद अवार्डी कुलदीप मलिक ने कहा कि बेटी काजल यह उपलब्धि कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि काजल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोनीपत और देश का नाम रोशन किया है। अब उसका सपना ओलंपिक पोडियम पर तिरंगा लहराना है। काजल ने भी अपनी ऐतिहासिक सफलता का श्रेय परिवार, चाचा कृष्ण पहलवान और प्रशिक्षकों को दिया। अकादमी में काजल की उपलब्धि पर खुशी का माहौल रहा। अब इस बेटी की निगाहें वर्ष 2028 के ओलंपिक पर टिकी हैं, जहां वह देश के लिए स्वर्णिम इतिहास रचने का सपना संजोए हुए हैं।