राई। राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय परिसर में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय का पहला सत्र जुलाई से शुरू किया जाएगा। विवि में कबड्डी, निशानेबाज व मुक्केबाजी के प्रशिक्षक तैयार करने के लिए डिप्लोमा कोर्स कराए जाएंगे। इसके साथ ही शारीरिक शिक्षा व खेलकूद प्रबंधन में स्नातक व स्नातकोत्तर के कोर्स शुरू होंगे।
राई में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय शुरू करने की घोषणा एक साल पहले हो चुकी है। जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। खेल विश्वविद्यालय शुरुआत में खेल स्कूल के भवन में ही चलेगा, हालांकि बाद में स्कूल परिसर में विवि का अपना भवन तैयार किया जाएगा। कुलपति कार्यालय स्थापित किया जा चुका है। इसी के साथ ही तय किया गया है कि खेल विवि का पहला सत्र इसी वर्ष जुलाई से शुरू किया जाएगा। जिसके लिए विवि प्रशासन ने सरकार से 38 कर्मचारियों व अधिकारियों का स्टाफ प्रतिनियुक्ति पर मांगा है। बाद में इन पदों पर स्थायी भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न कोर्स को लेकर भी रूपरेखा तय कर ली गई है। खेल विवि शिक्षा के साथ ही प्रशिक्षक भी तैयार करेगा। इसके लिए शुरुआत में कबड्डी, निशानेबाजी व मुक्केबाजी के प्रशिक्षक तैयार करने के लिए डिप्लोमा कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही शारीरिक शिक्षा व खेलकूद प्रबंधन में स्नातक व स्नातकोत्तर के कोर्स शुरू होंगे।
विवि में विभिन्न कोर्स की रूपरेखा तय कर ली गई है। स्टाफ मिलते ही दाखिला के लिए सूचना भी जारी कर दी जाएगी। विवि में शिक्षण कोर्स के साथ ही खेलों के डिप्लोमा कोर्स भी कराए जाएंगे। -एसएस देशवाल, कुलपति, राई खेलकूद विवि