सोनीपत। गांव बड़वासनी के पास हुल्लाहेड़ी रोड पर कार चालक को काबू कर दो बदमाश उसकी कार, नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। युवक ने दोनों बदमाशों को सफीदो फाटक के पास से कार में लिफ्ट दी थी। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जींद के कारखाना रोड निवासी विक्रम ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह वह शनिवार को अपने दोस्त की कार लेकर अपने परिचित के पास जींद से सोनीपत आ रहा था। जब वह सफीदो फाटक के पास पहुंचे तो दो युवकों ने कार को रुकवा लिया। उन्होंने उससे सोनीपत तक जाने के लिए लिफ्ट देने को कहा। जिस पर उसने उन्हें कार में बैठा लिया। विक्रम ने बताया कि जब कार बड़वासनी के पास पहुंची तो युवक उसे डराने-धमकाने लगे और कार हुल्लाहेड़ी रोड की तरफ मुड़वा ली। वह डर के मारे कार को हुल्लाहेड़ी रोड पर पर ले गया। आगे जाकर युवकों ने उसका पर्स छीन लिया और कार से नीचे उतार कर कार को लेकर भाग गए। पर्स में 15 सौ रुपये की नकदी, लाइसेंस व आधार कार्ड था। साथ ही उसकी कार के अंदर ही उसका मोबाइल फोन भी था। उन्होंने मामले से अपने परिजनों को अवगत कराया। जिस पर पुलिस को सूचित किया गया। उसने रविवार को सदर थाना में अपनी शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले को लेकर सदर थाना प्रभारी मंदीप सिंह ने बताया कि युवक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। जल्द बदमाशों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।