सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रूट पर ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय से भटक रहा है। अप-डाउन रूट पर चलने वाली दर्जनभर लंबी दूरी की एक्सप्रेस गाडि़यों के अलावा छह सवारी गाड़ियां अपने निर्धारित समय से एक से 4 घंटे की देरी से चल रही हैं।
दिल्ली-अंबाला रूट पर रविवार को ट्रेनों की लेटलतीफी जारी रही। एक्सप्रेस ट्रेनें निर्धारित स्टेशनों से अपनी यात्रा समय से प्रारंभ करने के बाद भी अन्य स्टेशनों पर देरी से पहुंच रही हैं। ऐसे में यात्री अपने गंतव्य पर समय से नहीं पहुंच पा रहे हैं। एक्सप्रेस ट्रेनों को पासिंग देने के लिए सवारी गाड़ियों को बीच के स्टेशनों पर ही रोक दिया जाता है।
अंबाला से दिल्ली रूट पर चलने वाली झेलम एक्सप्रेस 1 घंटा, शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस 1:16 घंटे, जम्मू मेल 1 घंटा, नेताजी एक्सप्रेस 1:04 घंटे, 64454 सवारी गाड़ी 2:01 घंटे, 64464 सवारी गाड़ी 1:06 घंटे की देरी से सोनीपत पहुंची।
वहीं दिल्ली-अंबाला रूट पर चलने वाली ट्रेन गरीब रथ एक्सप्रेस 4:07 घंटे, बठिंडा एक्सप्रेस 1:27 घंटे, झेलम एक्सप्रेस 2:29 घंटे, नेताजी एक्सप्रेस 1:09 घंटे, जम्मूतवी एक्सप्रेस 1:36 घंटे, 64531 सवारी गाड़ी 1:06 घंटे, 64451 सवारी गाड़ी 1 घंटा, 64453 सवारी गाड़ी 1:28 घंटे की देरी से सोनीपत पहुंची।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली-अंबाला रूट पर ट्रेनों के परिचालन की समय सारणी में सुधार किया जा रहा है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत है।