माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। सांघी रोड पर रविवार दोपहर एक सुपरवाइजर से पिस्तौल दिखाकर 2.53 लाख रुपये के जेवरात व नकदी लूट ली गई। बहादुरगढ़ की कंपनी में कार्यरत सोनीपत जिले के गांव बरोणा निवासी संदीप अपनी पत्नी को लेने ससुराल जा रहे थे। यह वारदात ब्राह्मणवास गांव के नजदीक दोपहर 12.30 बजे हुई।
संदीप बलोनो कार से सांघी गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। पीछे से बिना नंबर की बाइक पर तीन नकाबपोश युवक आए। उन्होंने कार को ओवरटेक कर आगे बाइक अड़ा दी। एक युवक ने पिस्तौल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। आरोपियों ने 16 ग्राम सोने की चेन, दो अंगूठियां और 5 हजार रुपये नकदी छीन ली।
लूट के बाद तीनों बाइक सवार ब्राह्मणवास की तरफ भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित कीं। डीएसपी राकेश मलिक ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।