फोटो 27- सोनीपत के राई स्थित खेलकूद विश्वविद्यालय में आयोजित टेनिस प्रतियोगिता के एकल मुकाबले
सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में आयोजित एआईटीए महिला टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जैस्मिन रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक लाख रुपये का इनामी और रैंकिंग खिताब अपने नाम किया। इससे पहले वीरवार को जैस्मिन ने अपनी पार्टनर के साथ मिलकर युगल वर्ग का खिताब भी जीतकर टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम किया था।
खेल विश्वविद्यालय परिसर में 13 से 19 दिसंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आई शीर्ष महिला टेनिस खिलाड़ियों ने भाग लिया। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में जैस्मिन रावत और यशिका शौकीन के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। फाइनल मैच के पहले सेट में जैस्मिन रावत ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई।
दूसरे सेट में यशिका शौकीन ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। निर्णायक सेट में यशिका ने 2-5 से पिछड़ने के बावजूद संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए स्कोर 5-5 तक बराबर कर लिया लेकिन निर्णायक पलों में जैस्मिन ने अपने अनुभव, संयम और आत्मविश्वास का बेहतरीन परिचय देते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
मैच के समापन अवसर पर हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति एवं पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।