सोनीपत। भाजपा की जन आशीर्वाद रैली रविवार को सोनीपत की नई अनाज मंडी में आयोजित की जाएगी। जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। शनिवार को रैली को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चलती रही। भाजपा नेताओं ने कहा कि रैली की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। रैली में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे सोनीपत की नई अनाज मंडी में पहुंचेंगे और सरकार की नीतियों से अवगत कराएंगे। रैली के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी लोगों को संबोधित करेंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा व राजीव जैन ने शनिवार को नई अनाज मंडी स्थित रैली स्थल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्य मंच पर विधान सभा के प्रमुख नेताओं के बैठने की वयवस्था होगी। मंच के सामने महिलाओं व प्रमुख कार्यकर्ताओं के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। रैली में पूर्व मंत्री व विधायक भी पहुंचेंगे। रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश बना हुआ है।