फरीदाबाद जेल का वार्डर पुलिस लाइन के क्वार्टरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी ने सोनीपत पुलिस लाइन में एएसआई व दो सिपाहियों के क्वार्टरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात कुबूली है। आरोपी को फरीदाबाद पुलिस लाइन में चोरी के आरोप में पकड़ा गया था। सोनीपत पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ की तो आठ जिलों की पुलिस लाइन में चोरी का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी अफीम का नशा करने और जुआ खेलने के लिए पैसे जुटाने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
सोनीपत पुलिस लाइन में दो दिन के अंदर तीन क्वार्टर में चोरी की वारदात सामने आई थी। 17 जनवरी को एएसआई कुलदीप सिंह ने क्वार्टर से 50 हजार रुपये व लाखों के आभूषण चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। वह क्वार्टर पर ताला लगाकर भतीजे की शादी में गए थे। वहीं उसके दो दिन बाद सिपाही दीपक के क्वार्टर से आभूषण व 35 हजार रुपये और सिपाही मंजू के क्वार्टर से नकदी व सोने की चेन चोरी होने का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इन मामलों में चोर को नहीं पकड़ सकी थी। पिछले दिनों पुलिस को पता लगा कि फरीदाबाद पुलिस लाइन में चोरी के आरोप में निमका जेल फरीदाबाद के वार्डर जसविंद्र को पकड़ा गया था। वह सिरसा में मंडी डबवाली स्थित आमनगर कॉलोनी का रहने वाला है। जिस पर एसआई बिजेंद्र सिंह की टीम ने शक के आधार पर उससे जेल में पूछताछ की तो उसने सोनीपत में चोरी की वारदात कुबूल कर ली। अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सोनीपत-फरीदाबाद सहित आठ पुलिस लाइन में कर चुका चोरी
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि वह सोनीपत व फरीदाबाद के साथ ही गुरुग्राम, जींद, रोहतक, हिसार, करनाल व झज्जर की पुलिस लाइन के क्वार्टर में चोरी कर चुका है। उससे पूछताछ में कई अन्य खुलासे हो सकते हैं।
दो-तीन दिन से बंद क्वार्टर मिलने पर बनाता था निशाना
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि सबसे सुरक्षित क्षेत्र माने जाने वाली पुलिस लाइन को जसविंद्र आसान लक्ष्य मानकर चोरी करता था। उसने बताया कि पुलिस लाइन में चोर घुसने का किसी को शक नहीं होता था। कोई उससे पूछ भी लेता तो स्टाफ का सदस्य कहकर निकल जाता था। वह चोरी के लिए दो-तीन दिन लगातार रेकी करता था। जब वह देखता कि पुलिस लाइन का कोई क्वार्टर दो-तीन दिन से बंद मिल रहा है तो वह उसी को निशाना बनाता था। सोनीपत में भी एएसआई का क्वार्टर परिवार के शादी में जाने के चलते कई दिन से बंद था। उसी तरह दोनों सिपाही भी कोर्स पर गए थे तो उनके क्वार्टर लंबे समय से बंद थे।