पुराने बस स्टैंड पर स्थित पीएनबी की मुख्य शाखा में सुरंग के माध्यम से की गई लूट के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस सोना-चांदी के 44 किलो गहने बरामद भी कर चुकी है, लेकिन जिन लोगों के लॉकर लूटे हैं वह शुक्रवार को भी बैंक के सामने अपना धरना जारी रखे हुए हैं। धरने पर बैठे पीड़ित लॉकर धारकों का कहना है कि उनको उनका पूरा पैसा व गहने जब तक वापस नहीं मिल जाते वह बैंक के सामने अपना धरना जारी रखेंगे।
माल की रिकवरी के समय पुलिस कमेटी के लोगों को अपने साथ रखा रही है। गांव कटवाल व रोहतक के गांव गूगाहेड़ी से हुई बरामदगी की वीडियो बनाई गई है तथा माल की बरामदगी में साथ तहसीलदार गोहाना को मजिस्ट्रेट के रूप में साथ लिया गया था। पांच स्थानों पर पुलिस के साथ कमेटी के सदस्य के रूप में राजेश मिगलानी, इंद्रजीत विरमानी, राजेश भाटिया, बलवंत नागपाल, संदीप कालड़ा, मनोज बजाज, डॉ. संदीप सेतिया और अमित गर्ग थे। अब धरने पर बैठे पीड़ित लॉकर धारकों का कहना है कि सभी का माल वापस किया जाए अन्यथा वह धरने से नहीं उठेंगे। 2 नवंबर रविवार को भी धरना जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस कार्रवाई चलती है और उनका पैसा व गहने वापस नहीं मिल जाते वह तब तक अपने धरने व बैंक को बंद ही रखेंगे।
यहां से बरामद हुए गहने
गांव कटवाला से लाठ की ओर आने वाले मार्ग पर बीच में एक ईंट भट्ठा बंद पड़ा हुआ है। यहां से पुलिस ने 10 किलोग्राम 10 ग्राम वजन का थैला मिला, इसी गांव के 2 घरों से 6 किलोग्राम और 7 किलोग्राम 400 ग्राम गहने मिले। चौथा बैग रोहतक के गांव गूगाहेड़ी में मिला जिसमें 15 किलोग्राम 500 ग्राम सोना-चांदी के आभूषण बरामद हुए। अब तक पुलिस ने 44 किलोग्राम 910 ग्राम गहने बरामद हो गए हैं।