खरखौदा। नगरपालिका कार्यालय पर ताला जड़कर धरना देने पर पार्षद नवीन दहिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद बुधवार को पार्षदों की प्रतिक्रिया आई है। पार्षद नवीन दहिया व अन्य कई पार्षदों ने कहा कि वह इस मुकदमे का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर जनता के हक की आवाज उठाने पर मुकदमा दर्ज होता है तो अन्य पार्षदों पर भी मुकदमा दर्ज किया जाए, वे इसके लिए तैयार हैं।
पार्षद नवीन दहिया के साथ धरने पर बैठे पार्षद प्रमोद, जसबीर व पार्षद प्रतिनिधि अनिल ने कहा कि अकेले पार्षद नवीन पर मुकदमा दर्ज करना गलत है। वह नवीन के साथ अपनी जायज मांगों को लेकर धरने पर थे, ऐसे में एक पार्षद पर ही मुकदमा दर्ज क्यों किया गया, जनता के हक की आवाज उठाने पर अकेले पर नहीं बल्कि उन सभी पर मुकदमा दर्ज करवाया जाना चाहिए था।
पार्षदों ने कहा कि उन्हें शहर के विकास का काम चाहिए, इस पर ढील होने पर वह भविष्य में भी आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। पार्षदों ने कहा कि धरना व ताला जड़ने पर जो मुकदमा एक पार्षद पर दर्ज करवाया गया है, वह इससे बिल्कुल भी डरने वाले नहीं हैं। बल्कि वह सभी 16 पार्षदों से आह्वान करते हैं कि शहर के विकास कार्यों के लिए आगे आएं और अगर इसमें नपा की तरफ से ढील बरती जा रही है तो उसे खिलाफ हमारे साथ आकर आवाज उठाएं। पार्षदों ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने से उनका जनता की आवाज उठाने से हौसला और बढ़ेगा।