गन्नौर। बीएसटी रोड के निकट स्थित किशनपुरा के लोगों का अपने घरों से निकलना दूभर बना हुआ है। काॅलोनी के साथ लगती गोशाला से निकलने वाला कीचड़ इसका मुख्य कारण है। गोशाला से निकलने वाला गोबर मिला कीचड़ हर समय काॅलोनी की गलियों में जमा रहता है।
क्षेत्रवासी सुभाष, नरेश कुमार, राजेश, कुलदीप, सुरेश सहित अन्य का कहना है कि हर समय कीचड़ जमा होने के चलते हादसे घटित होने का डर बना रहता है। कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं। बच्चे और बुजुर्ग भी रोजाना इसी कीचड़ के अंदर से जाने पर मजबूर हैं। अधिकांश लोग उनकी गली में गंदगी देख अपना रास्ता तक बदल लेते हैं। लोगों का कहना है कि यहां सफाईकर्मी तीन दिन बाद आते है। कई दिनों से पानी गलियों में बहता रहने के कारण गली में गोबर जमा रहता है। जिस कारण अनेक बार लोग फिसल कर गिर चुके हैं। लंबे समय से सफाई नहीं कराए जाने के कारण नाले-नालियां कचरे से भरे हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से उनकी समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है।
वर्जन
वार्ड-14 की गली में पानी भरने का मामला उनके संज्ञान में नहीं था। कर्मचारी भेजकर गली और नालियों की सफाई करवा दी जाएगी।
पोषण मलिक, सफाई निरीक्षक, नगरपालिका, गन्नौर