सोनीपत। ओलंपिक की तैयारियों के लिए शुरू हुए नेशनल कैंप में पहलवानों की खुराक में कटौती करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है और पहलवानों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ के सामने अपनी नाराजगी जताई तो संघ ने सीधे खेल मंत्रालय को शिकायत भेजी है।
वहीं पहलवानों और कोच के इस तरह खुराक कम करने के साथ ही गुणवत्ता बेहतर नहीं होने का आरोप लगाने के मामले में साई के अफसर भी हरकत में आए हैं। साई के अधिकारियों ने कोच और पहलवानों को आश्वासन दिया है कि इस मामले में उच्च अधिकारियों और मंत्रालय को अवगत कराया गया है, जिससे जल्द ही पहले की तरह व्यवस्था होने की उम्मीद है।
सोनीपत के साई सेंटर में पुरुष पहलवानों और लखनऊ के साई सेंटर में महिला पहलवानों का नेशनल कैंप 20 दिसंबर से शुरू हुआ है। यह कैंप पहलवानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह कैंप एशियन चैंपियनशिप से लेकर ओलंपिक का टिकट कटाने को एशियन ओर वर्ल्ड क्वालिफाई चैंपियनशिप तक का रास्ता तय करेगा। इस कैंप में पहलवानों से लेकर कोच तक को बड़ा झटका लगा है। जहां पहलवानों के लिए भरपूर खुराक की सबसे ज्यादा जरूरत होती है और इसलिए ही अन्य खेलों के खिलाड़ियों के मुकाबले पहलवानों पर नेशनल कैंप में खाने के लिए रोजाना सबसे ज्यादा 690 रुपये खर्च किए जाते थे। इस बार नेशनल कैंप में उनकी खुराक में बड़ी कटौती की गई है, जो 375 रुपये की गई है। इससे पहलवानों को भरपूर खुराक नहीं मिल रही है और उनकी कैंप में प्रैक्टिस तक प्रभावित होने लगी है। कैंप में शनिवार तक आधे ही पहलवान पहुंचे थे, जिससे किसी तरह का विरोध खुलकर सामने नहीं आ रहा था। लेकिन शिविर में सोमवार को सभी पहलवान पहुंच गए और इस तरह खुराक कम किए जाने पर नाराज पहलवानों और कोच ने अपनी शिकायत भारतीय कुश्ती संघ को दर्ज कराई। भारतीय कुश्ती संघ ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए खेल मंत्रालय को शिकायत भेजी है, जिस पर जल्द ही कोई निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।
साई सेंटर की डायरेक्टर ने कोच संग की बैठक
सोनीपत के साई सेंटर में चल रहे नेशनल कैंप में पहलवानों की खुराक में कटौती किए जाने का मामला तूल पकड़ता देखकर सेंटर की डायरेक्टर ललिता शर्मा ने सभी कुश्ती कोच के साथ बैठक की। उनकी काफी देर तक बैठक चली, जिसमें डायरेक्टर ने उनको बताया कि इस पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, जिससे उम्मीद है कि जल्द ही पहले की तरह व्यवस्था की जाएगी। इसलिए पहलवानों की प्रैक्टिस पर खुराक के कारण कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। इसके साथ ही कहा गया कि खुराक कम करने का फैसला मंत्रालय से लिया गया है और वहां से उसे पहले की तरह किया जाएगा।
मंत्रालय को अवगत करा दिया है
नेशनल कैंप से पहलवानों की खुराक कम होने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद भारतीय कुश्ती संघ की ओर से यह मामला खेल मंत्रालय के अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है और अपनी शिकायत भी दर्ज कराई गई है। वहां से आश्वासन मिला है कि जल्द ही इसको पहले की तरह किया जाएगा, क्योंकि इस समय ओलंपिक की तैयारियां चल रही हैं और उस पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए।
-विनोद तोमर, ज्वाइंट सेक्रेटरी भारतीय कुश्ती संघ