सोनीपत। सेक्टर-12 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में पीस लीडरशिप विषय पर चल रही दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस का समापन हो गया। लेक्स फाउंडेशन की तरफ से आयोजित अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस में नेपाल के ट्रीमैन हेमंत राज ने शिरकत की। मुख्यातिथि के रूप में राई से विधायक मोहनलाल बड़ौली और विशिष्ठ अतिथि के रूप में ट्रीमैन देवेंद्र सूरा पहुंचे। कांफ्रेंस में महिला सशक्तीकरण, नेतृत्व एवं जागरूकता विषय पर चर्चा की गई।
विधायक मोहन लाल बडौली ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। अब उन्हें आगे बढ़ने के भरपूर अवसर मिल रहे हैं। संसद में सरकार ने महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान कानून के रूप में लागू कर दिया है। विधायक मोहनलाल बड़ौली ने नेपाल के ट्रीमैन हेमंत राज व हरियाणा के ट्रीमैन देवेंद्र सूरा को सम्मानित किया। इस दौरान कार्यकारी प्राचार्य डाॅ. नरेश आंतिल, डाॅ. राजेश भारद्वाज, डाॅ. सुभाष सिसोदिया, वंदना नासा, सतीश कुमार, राजेश ढाका, अमित कौशिक, जोगेंद्र सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।