सोनीपत। गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय में समाधान शिविर में नववर्ष के पहले दिन पांच शिकायतें आई। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने दो शिकायतों का मौके पर समाधान करवाया। शिविर में गांव भंडेरी निवासी संजीव ने विधुर पेंशन बनवाने के संबंध में अपनी शिकायत उपायुक्त को दी तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण अधिकारी को जल्द पेंशन बनवाने के निर्देश दिए।गांव खेवड़ा निवासी योगेश ने उपायुक्त को शिकायत देते हुए बताया कि कुछ लोगों ने उनके रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया है। इससे उनके परिवार के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। उपायुक्त ने राई के बीडीपीओ को निर्देश दिए कि अवैध कब्जे को तुरंत हटवाकर उन्हें इसकी रिपोर्ट दी जाए। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि शिविर में 10 जून 2023 से 1 जनवरी 2024 तक कुल 7627 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से 6324 का निवारण किया जा चुका है। इसके अलावा 276 शिकायतों को रिजेक्ट व 788 को समाधान के लिए संबंधित विभागों के पास भेजा गया है। बुधवार को कुल पांच शिकायतों में से दो का समाधान करवाकर तीन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, नगराधीश रेणुका नांदल, एसडीएम अमित कुमार, डीसीपी मनवीर सिंह, डीसीपी नरेंद्र सिंह, डीआरओ हरिओम अत्री व डीडीपीओ जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।