सोनीपत। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने कहा कि सरकार समाधान शिविर के माध्यम से जन शिकायतों का जल्द निदान सुनिश्चित कर रही है। ऐसे में सभी अधिकारी शिकायतों का जल्द समाधान करके अपडेट रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करें। सभी विभागाध्यक्ष कोई शिकायत लंबित न रखें। री ओपन हुई शिकायतों पर भी विशेष ध्यान देकर निवारण करवाएं।
एडीसी लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान प्रकोष्ठ की शिकायतों की विभाग के अनुसार समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लें। इनका समयबद्ध निपटान करें। हर रोज अपना पोर्टल जरूर चेक करें।
निर्धारित समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करें। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल पर आने वाली जन शिकायतों के जल्द समाधान के लिए विभागाध्यक्ष गंभीरता से कार्य करें।
एडीसी ने निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर की शिकायतों पर अधिकारी समय पर कार्रवाई कर रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करते समय सभी तथ्यों की जांच करें।
उन्होंने कहा कि जो शिकायतें किसी दूसरे विभाग से संबंधित हो उसके बारे में संबंधित विभाग को अवगत करवाएं और आपसी तालमेल से शिकायतों का समाधान करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं कर रहे हैं।
ऐसे में शिकायतों का सही तरीके से प्राथमिकता से निवारण करवाया जाए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त नरेंद्र कादियान और नगराधीश डॉ. अनमोल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।