हलके से चुनाव मैदान में खड़े गांव धांगड़ निवासी निर्दलीय उम्मीदवार मंगल सिंह खरोड़ को एक क्षेत्रीय पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जान से मारने की धमकी देने के बाद शनिवार सुबह मंगल खरोड़ परिवार सहित सदर थाने में शिकायत देने के बाद पार्टी के चुनाव कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया।
जिसके बाद क्षेत्रीय पार्टी के कार्यकर्ता भी तैश में आ गए और उन्होंने मंगल खरोड़ के परिवार को हटाने की कोशिश की। लेकिन पीड़ित परिवार वहीं धरने पर बैठा रहा। घटना की सूचना पर शहर थाना प्रभारी गौरव शर्मा मौके पर पहुंच गए और धरने पर बैठे परिवार को शांत कराते हुए डीएसपी विजय कुमार के पास ले गए। जिसके बाद डीएसपी ने मामले की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
धरने पर बैठे मंगल खरोड़, कृष्णा देवी, ताराचंद, हंसकौर, बिरखादेवी, भागवती, सरोज, विनोद ने बताया कि क्षेत्रीय पार्टी के वरिष्ठ नेता के कार्यकर्ता रात नौ बजे उसके घर पर आए चुनाव न लड़ने की धमकी दी और कहा कि यदि चुनाव लड़ा तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार को उठवा देंगे। जिसकी शिकायत उसने रात को पुलिस कंट्रोल रूम में भी दी।
लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पार्टी चुनाव कार्यालय के बाहर जब मंगल खरोड़ का परिवार आकर बैठा तो क्षेत्रीय पार्टी के कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने मंगल खरोड़ के परिवार को हटाने की भी कोशिश की। जिसके बाद धरने पर बैठी महिलाएं भी तैश में आ गईं और वह पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ उलझ गईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।