संवाद न्यूज एजेंसी
साेनीपत। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीसवां मील में शनिवार को नवनिर्मित टिन शेड का उद्घाटन विधायक कृष्णा गहलावत और नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन ने किया। टिन शेड के बनने से अब विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और गर्मी व बारिश के दौरान बैठने की सुविधा मिलेगी।
विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था और मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें पढ़ाई के लिए हर जरूरी सुविधा मिलनी चाहिए।
नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य और अध्यापकों ने कहा कि विद्यालय में लंबे समय से टिन शेड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसके निर्माण से अब काफी सुविधा होगी।
इस मौके पर डीईओ नवीन गुलिया, बीईओ ऊषा नैन, डाइट प्रिंसिपल सुजाता खत्री, प्राचार्य नरेंद्र खापरा, सरपंच सरिता देवी, पूर्व चेयरमेन कुलदीप नागल, जेपी रेवली, जसपाल आंतिल, मंडल अध्यक्ष वेदपाल शास्त्री भी मौजूद रहे।